छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में काम दिलाने का भरोसा देकर महिला से 99 हजार रुपये लेने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय शुभम सराहुकी के रूप में हुई है, जो भिलाई नगर के सेक्टर-7 का निवासी है। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। महिला ने 17 अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बड़े लोगों से पहचान और ऊंची पहुंच होने का दावा कर उसे काम दिलाने का भरोसा दिया था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे कुल 99 हजार रुपये लिए। इसमें 80 हजार रुपये नकद और 19 हजार रुपये ऑनलाइन दिए गए थे। महिला ने आरोपी पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने शुभम सराहुकी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 10 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Source: Source