छत्तीसगढ़ के कोरबा में रावण दहन और आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया है। कोतवाली पुलिस ने दो दिनों में कुल 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से सात लोगों को शांति भंग करने की आशंका के चलते गिरफ्तार किया गया। सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। अभियान के तहत 18 अक्टूबर को कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और संभावित अशांति को लेकर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू, अनुराग कुमार खुटे, दीपक सोनवानी, मोहन केवट, विशाल दास, छोटू यादव और सूरज दास महंत शामिल हैं। ये सभी कोरबा के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने चेक बाउंस मामले में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी सुखलाल यादव को भी गिरफ्तार किया। वह रामसागर पारा का निवासी है और उसके खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत मामला चल रहा है। पुलिस ने उसे भी न्यायालय में पेश किया। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने हुड़दंग, मारपीट, शराब पीकर गाली-गलौज या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है।
Source: Source