दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में एक्सिस बैंक के पूर्व फील्ड अधिकारी को कृषि लोन में धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रवीण शर्मा लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने साइबर लोकेशन और मोबाइल सीडीआर के आधार पर उसे जगदलपुर से दबोचा। प्रार्थी ने 10 जुलाई 2025 को थाना गीदम में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने 16 फरवरी 2024 को एक्सिस बैंक से 14.39 लाख रुपए का कृषि लोन लिया था। लोन प्रक्रिया आरोपी प्रवीण शर्मा ने कराई थी। आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए प्रार्थी का विश्वास जीता। फरवरी-मार्च 2024 के दौरान उसने एटीएम और ट्रांजेक्शन के जरिए 9.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर दी। जब प्रार्थी को राशि निकासी का पता चला तो उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे। आरोपी टालमटोल करता रहा और फिर फरार हो गया। थाना गीदम में धारा 420, 409 आईपीसी और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 26 मई को सुबह 9:20 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अब मामले की आगे की जांच जारी है।
Source: Source