दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना देने की औपचारिक अनुमति दे दी है। पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन और अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह मंजूरी शनिवार (6 जून) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक के लिए एक विशेष छूट के तौर पर दी गई है। प्रदर्शन की अनुमति मिलते ही कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसकी घोषणा की और नारा दिया- ‘कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं’। इसके साथ ही सीजेपी ने अपने सभी कार्यकर्ताओं, छात्रों और समर्थकों से तुरंत जंतर-मंतर पहुंचने की पुरजोर अपील की है। आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए पार्टी के 30 वर्षीय संस्थापक और डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे अमेरिका (बोस्टन) से लंबी यात्रा तय कर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही उन्होंने नीट (NEET) पेपर लीक और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने समर्थकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपने साथ एक किताब और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर आने का आह्वान किया है। इस प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन और युवाओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, दिल्ली के सीमावर्ती टोल प्लाजा और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। नई दिल्ली जिले और अन्य रणनीतिक स्थानों पर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। प्रारंभिक तौर पर एक व्यंग्यात्मक डिजिटल आंदोलन के रूप में शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी अब बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की कमी के खिलाफ एक जमीनी जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है।
Source: Source