भिवानी में घर में घुसकर चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और 17 हजार रुपये बरामद किए हैं। ग्वार फैक्ट्री क्षेत्र निवासी सज्जू ने शहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 26 अगस्त को वह परिवार के साथ घंटाघर पर कपड़े बेचने गया था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते उसके घर में दाखिल हुआ। आरोपी ने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को तोशाम बाइपास चौक क्षेत्र से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल, मोहित और दीपक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों भिवानी के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने बरामद सामान के आधार पर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source