बरेली में ऑटो लूटने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने गर्लफ्रेंड के शौक और नशे का खर्च पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने चालक से 500 रुपये में ऑटो बुक कराया था। सुनसान रास्ते पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने चालक के सिर पर लोहे के बाट से हमला किया। इसके बाद गमछे से उसका गला कसकर ऑटो लूट लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया ऑटो बरामद किया गया है। आरोपियों के पास से तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नशे और अन्य खर्चों के लिए आपराधिक वारदात कर रहे थे। पुलिस ने बरामद हथियारों और लूट की घटना के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source