हरियाणा में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने 31 अगस्त को कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है। अगले सात दिनों के लिए मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हिसार में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 31 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। महेंद्रगढ़ जिले में कम बारिश के कारण कई जगह बाजरे की फसल खराब होकर जल गई, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है। मंढाणा, सेका और कादीपुरी के किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। जींद, अंबाला, सिरसा, कैथल, करनाल और रोहतक समेत कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 30 अगस्त के बीच महेंद्रगढ़ में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई, जबकि हिसार में 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। गुरुग्राम में सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जबकि पलवल में भी सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हल्की बारिश के बावजूद उमस और गर्मी से फिलहाल पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है।
Source: Source