मानसा जिले में एक रिटायर्ड शिक्षक पर फिजियोथेरेपिस्ट को पुलिस थाने की जमीन बेचने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब खरीदार जमीन पर दुकान बनाने के लिए कब्जा लेने पहुंचा। नींव खोदने के दौरान जमीन के मालिकों ने उसे वहां से भगा दिया। रिकॉर्ड की जांच कराने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह थाना सिटी बरेटा की सीमा में आती है। पीड़ित सतबीर सिंह का दावा है कि उसने जमीन के लिए 32 लाख रुपए दिए और रजिस्ट्री व अन्य प्रक्रिया में करीब चार लाख रुपए अतिरिक्त खर्च किए। उसका कहना है कि वह करीब छह बार जमीन पर कब्जा लेने की कोशिश कर चुका है, लेकिन हर बार उसे रोक दिया गया। पीड़ित के अनुसार सौदे के समय जमीन का नंबर 9 बताया गया था, जबकि रजिस्ट्री के बाद निशानदेही में जमीन नंबर 13 सामने आया। सतबीर ने मामले में थाना बरेटा में धोखाधड़ी की लिखित शिकायत भी दी है। उसका आरोप है कि शिकायत के एक महीने से अधिक समय बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब वह विवादित जमीन के बजाय अपने करीब 36 लाख रुपए वापस चाहता है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने और गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया है। मानसा के एसएसपी भगीरथ सिंह मीणा ने मामले की गंभीरता से जांच कराने की बात कही है। एसएसपी के अनुसार आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source