हरियाणा के कैथल जिले के थेह बनेडा गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने जहरीली दवाई खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मलुका राम के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था और दो बच्चों का पिता था। मृतक की पत्नी मीरा देवी ने गांव के ही रामपाल और उसके दो बेटों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। विवाद की मुख्य वजह महज चार हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ झगड़ा बताया जा रहा है। करीब 5-6 दिन पहले हुए इस झगड़े में मलुका राम को चोटें भी आई थीं, जिसके बाद पंचायत ने फैसला करा दिया था। पंचायत के फैसले के बावजूद आरोपी रामपाल ने मलुका राम को जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी के बाद से ही मलुका राम अत्यधिक मानसिक तनाव और डिप्रेशन में चल रहा था। बीते शाम सरकारी अस्पताल से पत्नी के पास फोन आया कि उसके पति ने जहर खा लिया है। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटियाला के राजिन्द्रा अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़िता ने चीका थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। चीका थाना के जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
Source: Source