बिलासपुर के कुटुंब न्यायालय परिसर के बाहर तीन तलाक का मामला सामने आया है। भरण-पोषण मामले की पेशी के दौरान पति ने अपनी पत्नी को तीन बार ‘तलाक’ कहकर रिश्ता खत्म करने की घोषणा कर दी। घटना सोमवार की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्ष कोर्ट में सुनवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और पति ने पत्नी से कहा कि अब उसे अपना चेहरा मत दिखाना। इसके बाद उसने लगातार तीन बार तलाक बोल दिया। घटना के बाद परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई। महिला ने पति के व्यवहार पर नाराजगी जताई और न्याय की मांग की। आसपास मौजूद लोगों ने भी मामले को गंभीर बताया। जानकारी मिलने पर पुलिस और संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। कानूनी जानकारों का कहना है कि देश में तीन तलाक कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण कानून के तहत इस तरह की घोषणा अमान्य मानी जाती है। मामले को लेकर आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद परिवार और दोनों पक्षों में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Source: Source