बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक हेड कांस्टेबल पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। वायरल वीडियो में हेड कांस्टेबल शोभित कैवर्त्य तीन आरोपियों को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए मांगते दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि तीन लोगों को 5 हजार रुपए में नहीं छोड़ा जाएगा। मामला मारपीट के केस से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने आरोपियों को जेल भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग की। जबकि ऐसे जमानती मामलों में नियम के तहत थाने से ही जमानत दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि घटना करीब दो महीने पुरानी है। आरोपियों के साथ आए युवक ने बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हेड कांस्टेबल को तत्काल सस्पेंड कर दिया। आरोपी पुलिसकर्मी को सरकंडा थाने से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी सीएसपी निमितेश सिंह को सौंपी गई है, जिन्हें सात दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध वसूली के मामलों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
Source: Source