पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि अमरनाथ यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालु कश्मीर के सम्मानित अतिथि हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी बेहतर मेजबानी करना कश्मीरियों का सामूहिक दायित्व है। पहलगाम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महबूबा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्री अपने साथ कश्मीर की संस्कृति, लोगों और मूल्यों की छवि पूरे देश में लेकर जाते हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि वे यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। महबूबा ने प्रेम, अपनापन और मेहमाननवाज़ी की परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर की पहचान सदियों से अतिथियों के सम्मान और सौहार्द से जुड़ी रही है। उनके अनुसार, यात्रियों को सुरक्षित और स्वागतपूर्ण माहौल प्रदान करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी यात्रा के दौरान सहयोग और सहायता के लिए आगे आने को कहा। महबूबा ने कहा कि इससे कश्मीर की सकारात्मक छवि मजबूत होगी। उन्होंने सामाजिक सद्भाव और आपसी विश्वास को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
Source: Source