श्री अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने पठानकोट कैंट और पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशनों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। वे झेलम एक्सप्रेस से पठानकोट कैंट स्टेशन पहुंचीं और करीब आधे घंटे तक वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पठानकोट सिटी स्टेशन का भी निरीक्षण किया और आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस तथा एंटी सबोटाज टीम के अधिकारियों के साथ बैठक की। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी प्रणालियों की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी तकनीकी या सुरक्षा खामी को तुरंत दूर किया जाए। डीजी ने कहा कि पठानकोट का भौगोलिक महत्व काफी अहम है क्योंकि यह पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का संगम क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री यात्रा करते हैं, इसलिए सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। समीक्षा के बाद वे सड़क मार्ग से जम्मू के लिए रवाना हो गईं। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस उच्च स्तरीय निरीक्षण से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी और यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।
Source: Source