हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी समरहिल शिमला में छात्र संगठनों के बीच चल रहे विवाद के दौरान पुलिस ने 9 छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में पिछले चार दिनों से SFI और ABVP से जुड़े छात्रों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालने और अव्यवस्था पैदा करने के आरोप में 7 छात्रों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुछ युवकों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया था। स्थिति नियंत्रित करने के लिए QRT की मदद ली गई और सातों को बालूगंज थाना ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्हें नियमानुसार थाने में रखा गया और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया जा रहा है। दूसरे मामले में लॉ डिपार्टमेंट के बाहर एक छात्र से मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अखिल कुमार और आदित्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दो छात्र दराट लेकर लॉ डिपार्टमेंट पहुंचे थे। विश्वविद्यालय परिसर में लगातार तनाव की स्थिति के कारण पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। पिछले चार दिनों से चल रहे विवाद के चलते HPU परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
Source: Source