पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में तैनात एक्साइज इंस्पेक्टर हरसिमरन सिंह ने चंडीगढ़ पुलिस पर बदसलूकी और हैरासमेंट के आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि शराब ठेके के कारिंदों ने उनका पीछा किया और उनकी गाड़ी रोककर चाबी छीन ली। हरसिमरन सिंह के अनुसार, पुलिस को बुलाने के बाद भी उन्हें मौके से जाने नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनका आईकार्ड देखने के बावजूद उन्हें सेक्टर-24 चौकी में पूरी रात बैठाए रखा। उनका दावा है कि उन्हें किसी से बात भी नहीं करने दी गई। सुबह उन्हें छोड़ते समय दोबारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने की बात कही गई। हरसिमरन सिंह ने मामले की शिकायत चंडीगढ़ के DC और SSP से की है। पंजाब एक्साइज कमिश्नर जतिंदर सिंह ने भी DC और SSP से फोन पर बात कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद हरसिमरन सिंह ने अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ DC से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी। शिकायत के बाद SSP ने मामले की जांच SP सिटी को सौंप दी है। वहीं, सेक्टर-24 चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह ने पुलिस पर लगाए गए बदसलूकी के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार, हरसिमरन से पूछताछ और पहचान की पुष्टि की गई थी। चौकी इंचार्ज के मुताबिक, हरसिमरन ने जो एक्साइज विभाग का आईकार्ड दिखाया था, उसकी वैधता 2023 तक थी। पुलिस ने यह भी बताया कि हरसिमरन ने पहले PU में रहने की बात कही, लेकिन वहां रहने से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं दिखाया। बाद में उन्होंने सेक्टर-40 का पता बताया और आधार कार्ड में भी यही पता दर्ज था।
Source: Source