पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व अनुराग वर्मा ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय में सोमवार को पेश नहीं हुए। उन्हें मोहाली के सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। प्रवर्तन निदेशालय ने अब उन्हें 9 सितंबर को दोबारा पेश होने का समन जारी किया है। इससे पहले भी उन्हें 31 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उस समय वर्मा ने जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसके बाद ईडी ने उन्हें सोमवार की तारीख दी थी। सोमवार को भी पेश नहीं होने के बाद एजेंसी ने नई तारीख तय की है। ईडी सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स से जुड़े प्रोजेक्ट्स में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह भी देख रही है कि नियमों के उल्लंघन या बिल्डरों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोपों में क्या भूमिका रही। संबंधित अवधि में वर्मा पंजाब के हाउसिंग और शहरी विकास विभाग के प्रमुख पद पर तैनात थे। मामले में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ भी ईडी की जांच के दायरे में हैं। अब इस मामले में 9 सितंबर को अनुराग वर्मा की प्रस्तावित पेशी पर नजर रहेगी।
Source: Source