हरियाणा के हिसार जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। अग्रोहा के पास गांव दुर्जनपुर लिंक रोड पर एक 60 वर्षीय महिला मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव नंगथला की रहने वाली चमेली देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चमेली देवी के पति की 20 साल पहले मौत हो चुकी थी और वे अकेले ही अपने 5 बच्चों का पेट पाल रही थीं। इस हादसे ने बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दे दी है और आगामी कार्रवाई के लिए जुट गई है। सिविल अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
Source: Source