पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर कंडी पुलिस ने एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने युवक को नशे के सेवन के संदेह में रोककर उसका डोप टेस्ट कराया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गांव रानीपुर धींगा में गश्त के दौरान की गई। एएसआई सुंदर सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक युवक लड़खड़ाकर चलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को रोककर उसकी स्थिति के बारे में पूछताछ की। युवक की पहचान रानीपुर धींगा निवासी सौरभ के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछने पर युवक ने नशा करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस उसे सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां उसका डोप टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट में चिट्टे के सेवन की पुष्टि होने की बात कही गई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शाहपुर कंडी पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस की कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
Source: Source