छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। कुबेरपुर निवासी चंद्रावती जायसवाल शनिवार को बिहारपुर चौक से पूजा का सामान लेकर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान क्रेशर से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती के भीतर चल रहे क्रेशर और भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि दो दिनों में ट्रैक्टर से जुड़ा यह दूसरा जानलेवा हादसा है। इससे पहले शुक्रवार को एक 13 वर्षीय बच्ची की भी जान गई थी। प्रदर्शनकारियों ने बस्ती में चल रहे क्रेशर को हटाने की मांग की है। इसके अलावा, फरार ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने और मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। चक्काजाम के कारण करीब एक से दो घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।
Source: Source