हरियाणा के हिसार में लगातार फिरौती और रंगदारी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है। पेट्रोल पंप व्यवसायी प्रमोद गोयल से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के बाद 15 अक्टूबर को आनंद गोयल और उनके बेटे अनिरुद्ध गोयल से भी इतनी ही रकम मांगने का मामला सामने आया। 15 दिनों के भीतर पांच-पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की इन दो घटनाओं को लेकर ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने हिसार के एसपी सिद्धांत जैन से मुलाकात की। एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने आरोप लगाया कि दोनों परिवारों और उनके बच्चों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने पुलिस जांच की गति पर भी सवाल उठाए। एसोसिएशन के मुताबिक, एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। व्यापारियों ने सोमवार तक ठोस कार्रवाई का इंतजार करने की बात कही है। उन्होंने चेतावनी दी कि नतीजा नहीं मिलने पर सोमवार को दोबारा बैठक कर आगे के कदमों पर फैसला लिया जाएगा। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि पुलिस पूछताछ के लिए पांच से सात संदिग्धों को हिरासत में ले चुकी है। धमकी भरे फोन कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय या फर्जी नंबरों से आ रहे हैं। व्यापारियों ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source: Source