त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-गोरखपुर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन रेवाड़ी होकर चलेगी और दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 04829 जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04830 गोरखपुर-जोधपुर स्पेशल 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। जोधपुर से ट्रेन शाम 4:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रेवाड़ी स्टेशन पर ट्रेन तड़के 2:30 से 2:40 बजे तक रुकेगी। गोरखपुर से वापसी ट्रेन रात 11:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। वापसी में रेवाड़ी स्टेशन पर शाम 4:50 से 5 बजे तक ठहराव होगा। स्पेशल ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे, जिनमें 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटू, डीडवाना, लाडनूं और सुजानगढ़ समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट और दिल्ली में भी ठहराव होगा। आगे गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर भी ट्रेन रुकेगी। ट्रेन के संचालन से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Source: Source