पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने पर विचार हो रहा है। दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बैठक में पंजाब संगठन को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई है। हालांकि नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी इस पद की दौड़ में बताए जा रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप बाजवा का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी के सितंबर दौरे से पहले संगठन में बदलाव किया जा सकता है। पार्टी के भीतर कई नेता वड़िंग की कार्यशैली और नेतृत्व से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। चन्नी और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा वड़िंग के विरोध में खुलकर सामने आ चुके हैं। प्रताप बाजवा भले ही सार्वजनिक तौर पर शांत हैं, लेकिन उनके भी वड़िंग के नेतृत्व में चुनाव लड़ने को लेकर असहमत होने की चर्चा है। दूसरी ओर राजा वड़िंग ने पद से हटाए जाने की चर्चाओं के बीच कहा कि कोई आए या जाए, वह संघर्ष जारी रखेंगे। हाईकमान की बैठक में पंजाब की राजनीतिक स्थिति और संगठन में बदलाव को लेकर सख्त फैसलों पर विचार किए जाने की बात कही जा रही है।
Source: Source