कुरुक्षेत्र के पिहोवा में HSGMC के पूर्व सदस्य और ठेकेदार से 2 लाख रुपये लूटने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों को आठ दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ अभी, आशीष उर्फ बिल्ला और अमित उर्फ अंकित के रूप में हुई है। पुलिस अब लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ पहले से स्नैचिंग और बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं। अभिषेक के खिलाफ पांच और आशीष के खिलाफ तीन मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। ये आरोपी पहले दर्ज मामलों में जमानत पर बाहर थे। जांच के मुताबिक 1 सितंबर को HSGMC के पूर्व सदस्य सतपाल सिंह 2 लाख रुपये लेकर बाइक से निकले थे। गुहला-चीका रोड पर आरोपियों ने उनका पीछा कर कथित तौर पर रकम लूट ली और उन्हें धक्का देकर फरार हो गए। गिरने से सतपाल सिंह घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस जांच में तीनों आरोपियों के हरिद्वार भागने की बात सामने आई। CIA-2 ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हरिद्वार से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान अभिषेक ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।
Source: Source