करनाल के असंध थाना क्षेत्र में निजी बस के कंडक्टर का पैसों से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। कंडक्टर ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने गांव राहड़ा लौट रहा था। रास्ते में उसने पेशाब करने के लिए सड़क किनारे बाइक रोक दी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने कंडक्टर की बाइक पर रखा बैग उठाया और फरार हो गए। कंडक्टर आरोपियों की बाइक का नंबर नोट नहीं कर सका। बैग में करीब 22 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। इसके अलावा बैग में एक टिकट मशीन भी थी। पीड़ित संजय शर्मा ने घटना की शिकायत थाना असंध में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी पवन कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
Source: Source