छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में लगातार 24 घंटे की बारिश के बाद एक किसान के खेत की जमीन अचानक धंस गई। गुरुर ब्लॉक के ग्राम भानपुरी में करीब 20 फीट चौड़ा और 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह खेत पहुंचने पर इस घटना की जानकारी प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही कृषि विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर गड्ढे के आसपास लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस स्थान पर जमीन धंसी, वहां करीब 25 वर्ष पुराना बंद बोरवेल मौजूद था, जिसका केसिंग पाइप भी जमीन के भीतर समा गया। लगातार बारिश के कारण गड्ढे का आकार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने किसान को हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भू-वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है, क्योंकि पहले भी बोरवेल के केसिंग पाइप धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका जता रहे हैं।
Source: Source