छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सड़क हादसे में चार महिलाओं की मौत के मामले में पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन और फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा 2 अक्टूबर को पटना थाना क्षेत्र के करजी तालाब के पास हुआ था। दुर्घटना में ऑटो सवार चार महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य महिलाएं घायल हुई थीं। पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम छिंदिया निवासी अमित सिंह 14 से 15 महिलाओं को ऑटो में लेकर बिलारो गांव से तीज नहावन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ऑटो में सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चंदमती समेत चार महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया था। घटना के समय अंधेरा होने के कारण वाहन का नंबर और उसकी स्पष्ट पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से बैकुंठपुर शहर, प्रमुख सड़कों, तिराहों, टोल नाकों और संभावित निकास मार्गों पर लगे 50 से अधिक सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी टीम और साइबर सेल ने वीडियो को बेहतर बनाकर तथा फ्रेम-दर-फ्रेम विश्लेषण करके वाहन की पहचान करने में मदद की। पुलिस ने वाहन की बनावट, विशिष्ट निशानों और लाइट पैटर्न का मिलान कर बोलेरो पिकअप क्रमांक जेएच 03 एयू 6791 की पहचान की। इसके बाद वाहन के रिकॉर्ड और तकनीकी लोकेशन के आधार पर चालक राजू कुमार गुप्ता का पता लगाया गया, जो झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा गांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source: Source