हरियाणा के पलवल में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तोताराम के रूप में हुई है, जो होडल की हन्नी क्रॉकरी फैक्ट्री में काम करता था। वह ड्यूटी खत्म होने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान होडल में त्यागी मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में तोताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायल युवक को होडल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पलवल के जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान तोताराम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की। होडल थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, मृतक के भाई नीरज की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार चालक को पकड़ने के प्रयास कर रही है।
Source: Source