रायपुर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़ा सरप्राइज चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान धरसीवा थाना और सिलतरा चौकी की संयुक्त टीमों ने श्रमिक बस्तियों, किराए के मकानों और फैक्ट्रियों में रह रहे लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और बाहरी राज्यों से आए लोगों का डेटा अपडेट करना था। पुलिस ने विभिन्न राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान से आए श्रमिकों के पहचान पत्रों व [Aadhaar Redacted] की जांच की। मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किरायेदारों का पूर्ण विवरण रखें और उनका अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराएं। डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध बांग्लादेशी या रोहिंग्या नागरिक नहीं पाया गया। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी क्षेत्र में शरण लिए हुए पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उद्योग प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास जगाने के लिए यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी डायल-112 पर देने की अपील की है।
Source: Source