दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने गांजा तस्करी के एक शातिर तरीके का खुलासा किया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन (CG 07 CZ 8442) से 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसे आरोपी स्टेपनी टायर के अंदर छिपाकर ले जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घासीदास नगर मैदान में घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को शक हुआ और जब मिस्त्री से टायर खुलवाए गए, तो उनके भीतर गांजे के 31 पैकेट मिले। इस मामले में पुलिस ने आकाश जांगड़े, मुकेश कुमार सेन और टिकेश्वर यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 17 लाख 72 हजार रुपये का माल जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
Source: Source