छत्तीसगढ़ के डौंडी नगर के भंडारीपारा में बुधवार सुबह आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। गुंडरा तरिया के पास स्थित पैरावटों में अचानक आग लगने से 18 किसानों की मेहनत जलकर राख हो गई। इस भीषण आग की चपेट में आने से लगभग 35 एकड़ क्षेत्र में जमा पैरा नष्ट हो गया है। धान की मिंजाई के बाद किसान बारिश से पहले पैरा को सुरक्षित घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग पहले छोटी थी लेकिन हवा चलने के कारण तेजी से फैल गई। एक-दूसरे के करीब रखे पैरावटों की वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। सूचना मिलते ही बालोद से नगर सेना की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार देवेंद्र कुमार नेताम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे के बाद प्रभावित किसानों के सामने अपने मवेशियों के चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय प्रशासन नुकसान के आकलन और किसानों को राहत देने की प्रक्रिया में जुटा है।
Source: Source