बालोद जिले की नगर पंचायत पलारी में बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक खींचतान देखने को मिली। पीठासीन अधिकारी एवं गुरूर एसडीएम आरके सोनकर ने नगर पंचायत अध्यक्ष यानेश साहू और कांग्रेस समर्थित 10 पार्षदों को पद की शपथ दिलाई। इस समारोह में भाजपा समर्थित 5 पार्षदों ने भाग नहीं लिया। शपथ के लिए निर्धारित समय में भाजपा पार्षदों के उपस्थित न होने के कारण पूरी प्रक्रिया प्रभावित हुई। इन पार्षदों के शपथ न लेने के चलते गुरुवार को प्रस्तावित उपाध्यक्ष पद के चुनाव को स्थगित करना पड़ा है। प्रशासन ने अब उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की नई तारीख 21 जून निर्धारित की है। भाजपा पार्षदों को शपथ लेने के लिए पुनः गुरुवार दोपहर 12 बजे का समय दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, पार्षदों को शपथ ग्रहण समारोह की सूचना पहले ही दे दी गई थी, लेकिन वे किसी कारणवश नहीं पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शपथ ग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस राजनीतिक घटनाक्रम से नगर पंचायत में आगामी चुनाव को लेकर गहमागहमी बढ़ गई है।
Source: Source