फरीदाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित जनसुनवाई शिविर में सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं। शिविर की अध्यक्षता मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने की। शिकायतों में पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, गली निर्माण, पार्कों के रखरखाव और प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मेयर ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा में उसका निपटारा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान के बाद शिकायतकर्ता को फोन कर सूचना दी जाए। साथ ही अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सैनिक कॉलोनी और अरावली विहार क्षेत्र में पेयजल समस्या प्रमुख रूप से उठी। सेक्टर-22 और 23 के दीनदयाल पार्क में सफाई और रखरखाव से जुड़ी शिकायतें भी आईं। इसके अलावा कई कॉलोनियों में सड़क और गली निर्माण, कूड़ा निस्तारण तथा टैक्स और प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े मामले सामने आए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे और सभी मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
Source: Source