मोहाली के डेराबस्सी क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की है। महिमदपुर रोड स्थित एक खोखे से चंडीगढ़ मार्का शराब की तीन पेटियां बरामद की गई हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गया। अधिकारियों को इस संबंध में मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि चंडीगढ़ से शराब लाकर पंजाब में अवैध रूप से बेची जा रही है। इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान ट्रिपल नाइन पावर स्टार फाइन व्हिस्की की दो पेटियां और एम्पायर नंबर-1 संतरा शराब की एक पेटी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब मूल रूप से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए थी। आशंका है कि इसे अवैध तरीके से पंजाब में खपाया जा रहा था। अधिकारियों का मानना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पुलिस अब शराब के स्रोत और सप्लाई चेन की जांच कर रही है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
Source: Source