पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को फिरोजपुर के चर्चित कारोबारी गुरचरण सिंह गाबा हत्याकांड मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब, फिरोजपुर और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक संयुक्त खुफिया ऑपरेशन के दौरान दो मुख्य शूटरों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले पेशेवर हिस्ट्रीशीटर हैं और उन पर राजस्थान पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस ने उनके पास से एक विदेशी बेरेटा 30 बोर की पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। डीजीपी पंजाब ने जानकारी दी कि आरोपी पहले भी कई राज्यों में लूट, डकैती और रंगदारी जैसे संगीन मामलों में वांछित रहे हैं। फिलहाल, थाना मक्खू में मामला दर्ज कर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड के पीछे के मास्टरमाइंड और उनके संगठित आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि पंजाब में संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
Source: Source