गुरुग्राम के सेक्टर-60 इलाके में एक ब्लैक महिंद्रा थार ड्राइवर द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना लैमन ट्री होटल के सामने मुख्य सड़क पर हुई। वीडियो में आरोपी युवक तेज रफ्तार में कार चलाते हुए यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाता दिख रहा है। उसने चलती गाड़ी का अगला दरवाजा खोलकर एक पैर पायदान और दूसरा दरवाजे पर रखकर स्टंट किया। इस दौरान वह सीट बेल्ट लगाए बिना लापरवाही से ड्राइविंग करता नजर आया। कार के अंदर तेज म्यूजिक बज रहा था और वह सड़क पर जिग-जैग तरीके से वाहन दौड़ा रहा था। इस हरकत के दौरान सड़क पर अन्य वाहन और राहगीर भी मौजूद थे। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। आरोपी ने अपने स्टंट का वीडियो खुद रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया के लिए इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि नियम उल्लंघन और जान जोखिम में डालने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source