कोरबा जिले में प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। खनिज विभाग की दो उड़नदस्ता टीमों ने रेत, गिट्टी, मिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन में शामिल 14 वाहनों को जब्त किया। इनमें 7 ट्रैक्टर भी शामिल हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर विशेष जांच अभियान के तहत की गई। टीमों ने सीतामढ़ी, बरमपुर, छुराकछार, झोराघाट सहित कई क्षेत्रों में सघन जांच की। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध अनुमति के खनिज परिवहन करते पाए गए। सभी जब्त वाहनों को दर्री थाना, बाल्कोनगर थाना और विभिन्न खनिज जांच नाकों पर सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अवैध खनन पर रोक लगाना और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की और हेल्पलाइन नंबर जारी करने की बात कही।
Source: Source