बिलासपुर में नशे के खिलाफ अब ग्राम पंचायतों ने मोर्चा संभाल लिया है। जिला मुख्यालय से लगे ढेका ग्राम पंचायत में गुरुवार को सरपंचों और जनप्रतिनिधियों ने जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान ग्रामीणों को नशाखोरी से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही, अवैध शराब बेचने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। सरपंच मनीष घोरे के नेतृत्व में ‘अवैध दारू गांजा, बंद करो’ के नारे लगाए गए। पंचायत प्रतिनिधियों ने हाइवे किनारे ढाबों और दुकानों की आड़ में चल रहे शराब कारोबार पर शिकंजा कसने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन नशा तस्करों पर कार्रवाई करेगा तो पंचायत उनकी कोई मदद नहीं करेगी, बल्कि पुलिस का सहयोग करेगी। यह अभियान एसएसपी रजनेश सिंह की पहल पर चलाया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नशे से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य नुकसान को समझें। अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या ग्राम पंचायत को देने को कहा गया है। यह पहल गांव के युवाओं को नशे के दुष्चक्र से बचाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
Source: Source