कुनकुरी नगर पंचायत के 15 वार्डों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए ईब नदी से जलापूर्ति योजना पर काम शुरू किया गया था। केंद्र सरकार ने यह 48.81 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर की थी, लेकिन काम की रफ्तार बेहद धीमी है। अमृत मिशन 2.0 के तहत मई 2026 तक इंटकवेल निर्माण का 45% काम होना था, लेकिन अब तक मात्र 35% ही पूरा हुआ है। देरी से परियोजना कई महीने पीछे चल रही है और गर्मी में लोग पानी को तरस रहे हैं। नगर पंचायत ने लापरवाही बरतने पर ठेका कंपनी को नोटिस जारी किया है। पानी की सबसे अधिक दिक्कत चार वार्डों में है, जहां हर साल स्थिति गंभीर हो जाती है। योजना के तहत इंटकवेल, पंप स्टेशन, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 36,930 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछानी है। एक नई पानी टंकी भी बनाने का प्रस्ताव है। नगर पंचायत का कहना है कि यदि कंपनी ने काम में सुधार नहीं किया तो आगे की कानूनी कार्रवाई भी होगी।
Source: Source