हरियाणा के हांसी जिले के गांव मदनहेड़ी में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने विधायक का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है। दरअसल, गांव के जोहड़ (तालाब) की हालत काफी खराब है, जिसका पानी पूरा हरा हो गया है और उसमें नहाने वाले पशु बीमार हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार विधायक और उनके ससुर से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक का कहना है कि यह काम सरपंच का है। ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव में उन्होंने जस्सी पेटवाड़ को जिताने के लिए पूरी मेहनत की थी, लेकिन काम नहीं हुए। अब वे खुद चंदा इकट्ठा कर जोहड़ की सफाई करवाएंगे। ग्रामीणों ने विधायक पर तालाब के ठेके का विरोध करने और घटिया पाइप से लाइन डालने के आरोप भी लगाए। उन्होंने साफ कहा कि अगले चुनाव में इसका हिसाब लिया जाएगा।
Source: Source