मोहाली में एक टैक्सी चालक पर देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित के अनुसार, उस पर चलती स्कॉर्पियो से करीब 8 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। हालांकि गोलीबारी से उसकी टैक्सी को काफी नुकसान पहुंचा। मामला तांत्रिक विद्या से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों और दबाव बनाने के आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित अमृतपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी जान-पहचान कुछ लोगों से हुई थी जो कथित तौर पर तांत्रिक गतिविधियों में शामिल थे। बाद में उन्होंने उसे अपने साथ रहने और उनके कहे अनुसार काम करने का दबाव बनाया। जब उसने दूरी बनाई तो उसे धमकियां मिलने लगीं। 26 मई की रात उसे फोन पर गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद रात करीब 10:45 बजे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने काले रंग की स्कॉर्पियो-एन से गोलियां चलाईं और एक सफेद वरना कार भी उनके साथ थी। गोलियां टैक्सी की बॉडी, शीशों और हेडलाइट पर लगीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दो नामजद और 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
Source: Source