छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने पलारी और सिमगा क्षेत्रों में छापेमारी की। पलारी तहसील में गश्त के दौरान दो ट्रैक्टर अवैध रेत ले जाते पकड़े गए, जिन्हें जब्त कर थाने को सौंप दिया गया। वहीं, सिमगा के ग्राम लिमतरा में रात्रिकालीन छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध रेत का भंडारण मिला। किसी के पास वैध कागजात नहीं थे, इसलिए प्रशासन ने करीब 88 ट्रैक्टर रेत जब्त कर सरपंच की सुपुर्दगी में दे दी। जब्त रेत में कई नामी सप्लायरों के ट्रैक्टर शामिल हैं। कलेक्टर ने साफ कहा कि अवैध रेत कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को रात्रिकालीन निगरानी और लगातार छापेमारी जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद रेत माफिया में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम की जमकर सराहना की है।
Source: Source