हिसार के सूर्य नगर में हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सेंट्रल जेल हिसार भेज दिया गया। सूर्य नगर चौकी प्रभारी शीशपाल के अनुसार, गली नंबर 12 निवासी संजय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके बेटे बाबू उर्फ वंश का महाबीर कॉलोनी निवासी आदि के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि रात करीब साढ़े 9 बजे आदि अपने साथी गौरव उर्फ जंतरी के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। उसने पिस्टल लहराते हुए हवा में फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना एचटीएम में मामला दर्ज कर जांच एएसआई संदीप कुमार को सौंपी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गगन उर्फ आदि और गौरव उर्फ जंतरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटनास्थल की पहचान भी करवाई गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और हथियारों के जरिए भय फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source