हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में एक प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस बिलासपुर से सुंदरनगर जा रही थी, तभी जड़ोल-सलापड़ मार्ग पर भवाना पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। बस में उस समय 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई दी। बस के एक बार पलटने के बाद वह रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बस से निकालकर सुंदरनगर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। डीएसपी सुंदरनगर ने पुलिस टीम को मौके पर भेजने की पुष्टि की है।
Source: Source