छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण केलो डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रविवार देर रात डैम के चार गेट 25 सेंटीमीटर तक खोल दिए गए। इसके बाद केलो नदी उफान पर आ गई और कई जगहों पर पानी का स्तर बढ़ गया। सोमवार सुबह छोटे रपटा पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। जिले में पिछले कुछ समय से रुक-रुककर हल्की और तेज बारिश हो रही है। ऊपरी क्षेत्रों में भी भारी वर्षा के कारण डैम में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। डैम का जलस्तर 230.30 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 233.00 मीटर है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। नगर निगम ने शहर को चार जोन में बांटकर निगरानी टीमें तैनात की हैं। सभी टीमें लगातार प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं। केलो परियोजना के अधिकारियों के अनुसार जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे निर्णय लिया जाएगा।
Source: Source