हरियाणा के जींद डिपो में रोडवेज बस के स्टॉपेज को लेकर एक छात्रा और ड्यूटी इंस्पेक्टर (डीआई) आजाद सिंह के बीच तीखी नोकझोंक का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। गंगोली गांव की छात्रा ने फोन पर शिकायत की थी कि रोडवेज बसें गांव के अन्य स्टॉपेज पर रुकती हैं, लेकिन उनके पंचायत घर वाले अड्डे पर नहीं रोकी जातीं। डीआई आजाद सिंह ने दलील दी कि पंचायत घर के पास बस का कोई निर्धारित स्टॉपेज नहीं है, इसलिए बस वहां नहीं रुक सकती। बातचीत के दौरान जब छात्रा ने नियमों की समानता और अपने अधिकारों की बात की, तो अधिकारी का रवैया बेहद सख्त और गैर-जिम्मेदाराना हो गया। डीआई ने छात्रा को डराते हुए यहां तक कह दिया कि वे गांव का रूट ही पूरी तरह बंद करवा देंगे, जिससे सभी छात्र लटकते फिरेंगे। छात्रा ने जब इस पर तार्किक जवाब दिया, तो अधिकारी ने उस पर सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दे डाली। डीआई ने छात्रा को डराते हुए कहा कि वे उसके नाम की शिकायत थाने में भिजवा देंगे, जिससे उसके घरवाले पुलिस के चक्कर काटते रहेंगे। छात्रा ने अंत तक हार नहीं मानी और सवाल उठाया कि यदि सुबह चंडीगढ़ जाने वाली बस वहां रुक सकती है, तो अन्य बसें क्यों नहीं। इस पूरी बातचीत का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रोडवेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जींद रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) राहुल जैन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डीआई आजाद सिंह को पद से हटा दिया। आरोपी अधिकारी की ड्यूटी बदलकर उन्हें फ्लाइंग शाखा में भेज दिया गया है और उनकी जगह कप्तान सिंह को नया ड्यूटी इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है। जीएम ने स्पष्ट किया कि सभी बसें निर्धारित स्टॉपेज पर रुकेंगी और किसी भी यात्री या छात्रा को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
Source: Source