भिलाई में गुंडागर्दी कर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने वाले दो युवकों के उपर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें उठक-बैठक करवाई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला है। इस दौरान दोनों युवक कान पकड़कर घूमते नजर आए। भिलाई-दुर्ग में सोशल मीडिया पर खुद को किंग, डॉन और गैंगस्टर जैसे नामों से पेश करने वाले युवाओं पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने ऐसे अकाउंट्स की निगरानी की, जिन पर हथियारों का प्रदर्शन, नशे से जुड़े वीडियो और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली तस्वीरें और पोस्ट शेयर किए जा रहे थे। 6 युवकों की पुलिस ने की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे 6 युवकों की पहचान की और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया। जांच में सामने आया कि इनमें से 4 नाबालिग हैं। पुलिस ने उनके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की तो कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट मिलीं। इसके बाद युवाओं से तुरंत वह सामग्री डिलीट करवाई गई। नाबालिगों के माता-पिता और अभिभावकों को थाने बुलाया। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। दो युवकों को पकड़ा
पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए युवकों की पहचान कुलदीप सिंह (23 वर्ष), निवासी सेक्टर-11 और दुर्गेश सोनी (21 वर्ष), निवासी प्रगति नगर कैंप-1 के रूप में है। इसके अलावा चारों नाबालिगों को सुधार और मार्गदर्शन के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि वे दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल न हों। वहीं मामले में शामिल दो युवकों के मोबाइल फोन में भी आपत्तिजनक सामग्री मिली। पुलिस ने पोस्ट हटवाने के बाद उनके खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
Source: Source