हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली क्षेत्र में खटकड़ गांव के पास एक घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी को सांप ने काट लिया। किशोरी की पहचान भूमि के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह शाम को अपने बिस्तर पर सोने चली गई थी। रात में सोते समय काले रंग के सफेद धारियों वाले सांप ने उसे काट लिया। घटना के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने उसे संभाला और तुरंत सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। परिवार का कहना है कि बाद में किशोरी के बिस्तर से सांप भी मिला। हालांकि, उसके शरीर पर काटे जाने का स्थान अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। डॉक्टरों को किशोरी में सांप के काटने से संबंधित लक्षण दिखाई दे रहे हैं। उसकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और कुंडली क्षेत्र में किराये के मकान में रहते हैं। घटना के बाद से परिवार के सदस्य चिंतित हैं।
Source: Source