छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका और उसके 17 वर्षीय बेटे की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। दोनों की हत्या बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर स्थित ममता कॉलोनी में की गई थी। शिक्षिका और उसके बेटे के शव 10 अक्टूबर को मिले थे, जबकि हत्या 9 अक्टूबर को की गई थी। पुलिस करीब 12 दिनों तक मामले की जांच करती रही। जांच के दौरान पुलिस ने सभी कड़ियों को जोड़कर आरोपी की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, शिक्षिका की सहेली के पति ने ही मां-बेटे की हत्या की थी। बताया गया है कि शिक्षिका ने 19 लाख रुपये का लोन लिया था और आरोपी उससे पैसे मांग रहा था। शिक्षिका ने जब पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसके घर में ही उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शिक्षिका का बेटा घर लौटा तो आरोपी को डर था कि वह घटना की जानकारी दूसरों को दे सकता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे को अपने साथ ले गया और उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद शव को महावीरपुर के कोरेया बाड़ी में फेंक दिया गया। आरोपी ने दोनों के मोबाइल फोन भी छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Source: Source