पंजाब के नकोदर बस स्टैंड पर दो महिलाओं पर यात्री का पर्स चोरी करने का आरोप लगा है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है, जबकि इसकी फुटेज अगले दिन सामने आई। करीब 50 साल की दो महिला यात्री बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान दो संदिग्ध महिलाएं वहां पहुंचीं और कथित तौर पर एक यात्री के बैग से पर्स निकाल लिया। चोरी का पता चलते ही पीड़ित महिला ने दोनों का पीछा शुरू कर दिया। उसने बस स्टैंड के अंदर कपूरथला काउंटर के पास एक आरोपी महिला को पकड़ लिया, जबकि उसकी साथी फरार हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद पकड़ी गई महिला भी वहां से भाग निकली। इससे दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान नहीं हो सकी। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि पर्स में करीब पांच हजार रुपये थे। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पीड़ित महिलाएं बस पकड़कर चली गईं। लोगों के मुताबिक, पर्स वापस मिल गया था, लेकिन पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों ने आरोप लगाया कि वहां छीनाझपटी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं और बुजुर्गों को निशाना बनाया जाता है। कुछ लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने की शिकायत भी की, जबकि थाना सिटी के मुंशी ने कहा कि थाने में इस संबंध में कोई कॉल नहीं आई थी।
Source: Source