चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी (CDLU), सिरसा के लॉ डिपार्टमेंट के छात्रों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कुलपति (VC) का पुतला फूंका। छात्र नेता मांगे राम के नेतृत्व में किए गए इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण अस्थायी पदों पर हो रही नियुक्तियों में आरक्षण नीति का पालन न करना और LL.M. पाठ्यक्रम में दाखिले पर लगाई गई रोक है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि ‘एडजंक्ट फैकल्टी’ और ‘प्रोफेसर ऑफ प्रेक्टिस’ के पदों पर भर्ती में पारदर्शिता की कमी है, जिसमें भाई-भतीजावाद की आशंका है। छात्रों ने मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया यूजीसी के 2018 और 2022 के विनियमों और आरक्षण नीति के अनुसार होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने विधि विभाग में 2004 से चल रहे LL.M. कोर्स में दाखिला प्रक्रिया को बिना किसी कारण बंद करने पर कड़ा एतराज जताया और इसे तत्काल शुरू करने की मांग की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
Source: Source